हरिद्वार में जीएसटी विभाग का कर्मचारी 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस की कार्रवाई

हरिद्वार: में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी विभाग में तैनात एक डेटा एंट्री ऑपरेटर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पुराने वैट टैक्स के निपटारे के नाम पर 1.20 लाख रुपये की अवैध मांग करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति ने विजिलेंस विभाग से शिकायत की थी कि उसकी फर्म “हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री” वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है। जीएसटी लागू होने से पहले के अंतिम तीन महीनों का वैट टैक्स विभाग की ओर से 1,76,000 रुपये निर्धारित किया गया था।
आरोप है कि इस मामले के निपटारे के लिए संबंधित कर्मचारी ने 1.20 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की और आरोपी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।