हल्द्वानी डबल मर्डर: मेडिकल स्टोर में काम करती थी लक्ष्मी,
नशा मुक्ति केंद्र का काउंसलर था शुभम

हल्द्वानी: मंडी चौकी क्षेत्र स्थित गल्ला मंडी में हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में 31 वर्षीय शुभम टम्टा और 19 वर्षीय लक्ष्मी की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पुलिस से जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग की।
नशे की लत से उबरकर बना काउंसलर
मृतक शुभम टम्टा छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों के अनुसार, वह कुछ वर्ष पहले नशे की लत का शिकार हो गया था। करीब पांच साल पहले उसे हल्द्वानी के कटघरिया क्षेत्र स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद वह पूरी तरह ठीक हो गया। बाद में उसी केंद्र में काउंसलर के रूप में कार्य करने लगा और नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को नई राह दिखाने का काम कर रहा था।
शुभम के ताऊ हरीश लाल, जो उत्तराखंड पुलिस से एसआई पद से सेवानिवृत्त हैं, ने बताया कि परिवार को अब तक यह समझ नहीं आ रहा कि इस घटना के पीछे क्या कारण हो सकता है।
पढ़ाई के साथ काम कर रही थी लक्ष्मी
दूसरी मृतका लक्ष्मी एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी की छात्रा थी। वह अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए लक्ष्मी मेडिकल स्टोर में काम करती थी। परिवार ने बताया कि वह मेहनती और जिम्मेदार स्वभाव की थी तथा पढ़ाई में आगे बढ़ना चाहती थी।
कनेक्शन और मकसद अभी साफ नहीं
फिलहाल शुभम और लक्ष्मी के बीच संबंध या किसी संभावित कनेक्शन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
परिवारों की मांग—जल्द हो खुलासा
दोनों परिवारों ने इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की सच्चाई उजागर करने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा।