उत्तराखंडहल्द्वानी
Trending

हल्द्वानी: इलाज के पैसों की तंगी से परेशान बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या,

आरोपी चार घंटे में गिरफ्तार

हल्द्वानी: के बरेली रोड क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या की घटना का नैनीताल पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी बड़े भाई संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब के नशे में अपने ही छोटे भाई सोनू जायसवाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सोनू लंबे समय से लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। उसके इलाज पर लगातार हो रहे खर्च से परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसी तनाव के चलते आरोपी संदीप मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। घटना की रात दोनों भाइयों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। गुस्से में आकर संदीप ने धातु के लोटे से सोनू पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना 3 फरवरी की देर रात की है। राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड निवासी अंकित जायसवाल ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि उसके चाचा संदीप ने दूसरे चाचा सोनू के साथ बुरी तरह मारपीट की। गंभीर हालत में सोनू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार घंटे के भीतर आरोपी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार संदीप पहले भी एक आपराधिक मामले में जेल जा चुका है और करीब डेढ़ साल पहले ही पैरोल पर रिहा हुआ था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आर्थिक परेशानियां और पारिवारिक तनाव इस दुखद घटना की मुख्य वजह बने। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!