उत्तराखंडमौसम

उत्तराखंड में बारिश का कहर: प्रमुख हाईवे बंद, तीर्थयात्रा बाधित

उत्तराखंड: पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश ने राज्य की परिवहन व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सिरोहबगड़ में बीती देर रात से मलबा आने के कारण पूरी तरह बाधित है, जिससे हजारों श्रद्धालुओं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी स्थिति गंभीर है। लगातार बारिश के कारण सोनप्रयाग में यात्रियों को अस्थायी रूप से रोका गया है। वहीं यमुनोत्री हाईवे की स्थिति और भी चिंताजनक है, जो ओजरी के पास लगातार 12वें दिन भी बंद है। इससे न केवल तीर्थयात्रियों बल्कि स्थानीय लोगों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

राजमार्ग निर्माण खंड द्वारा यमुनोत्री हाईवे पर बैली ब्रिज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। कार्यकारी अभियंता मनोज रावत के अनुसार, ब्रिज पर डेग प्लेट बिछाई जा रही है और दोपहर बाद इसे यातायात के लिए खोलने की संभावना है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, वर्तमान में प्रदेश की कुल 87 सड़कें बंद हैं। इनमें चमोली जिले में 17, बागेश्वर में 9, अल्मोड़ा में 1, चंपावत में 3, देहरादून में 5, नैनीताल में 7, पौड़ी में 6, पिथौराढ़ में 15, रुद्रप्रयाग में 4 और टिहरी में 8 सड़कें शामिल हैं। उत्तरकाशी जिले में एक राजमार्ग सहित 12 सड़कें बंद हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। देहरादून समेत रुद्रप्रयाग, नैनीताल और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए 10 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

प्रशासन बंद सड़कों को खोलने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है, लेकिन मौसम की प्रतिकूलता के कारण काम में देरी हो रही है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!