हरिद्वार: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज उत्तराखंड आ रहे हैं. राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार के 4 साल पूरे होने पर हरिद्वार में उनका बहुत बड़ा कार्यक्रम है. अमित शाह के जो कार्यक्रम लगे हैं, उनके अनुसार वो करीब सवा चार घंटे हरिद्वार में रहेंगे. कार्यक्रम का आयोजन वैरागी द्वीप में किया गया है. अमित शाह वैरागी द्वीप में आयोजित नूतन न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे. कई अन्य कार्यक्रमों के साथ ही वो उत्तराखंड के टॉप 24 नेताओं के साथ निजी होटल में ‘टोली बैठक’ करेंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शनिवार दोपहर 12:15 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट देहरादून पहुंचेंगे. यहां से 12:30 बजे गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड हरिद्वार में उतरेंगे. 12:40 बजे अमित शाह वैरागी द्वीप में आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे. 1:55 बजे तक वैरागी कैंप में जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है. दोपहर में 2:00 बजे से 2:30 बजे तक समय आरक्षित रखा गया है.

2:30 बजे से 3:00 बजे तक अमित शाह वैरागी कैंप में ही नूतन न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे. 3:00 से 3:30 बजे के बीच उत्तराखंड सरकार की विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा. 3:30 बजे वैरागी कैंप से निकलकर 3:40 बजे एक निजी होटल पहुंचेंगे. यहां पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक केंद्रीय गृह मंत्री बैठक करेंगे. इसके बाद 4:45 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे.
अमित शाह के कार्यक्रम के लिए राज्य भर से बीजेपी के कार्यकर्ताओं और आम लोगों को आमंत्रित किया गया है. लोगों को लाने के लिए 5000 बसें लगाई गई हैं. ऐसी उम्मीद जताई गई है कि कार्यक्रम में डेढ़ लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगे. वैरागी कैंप में कई सौ मीटर लंबा चौड़ा तंबू लगाया गया है. अमित शाह के हरिद्वार दौरे को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 का बिगुल माना जा रहा है. इस कार्यक्रम के बहाने बीजेपी अपनी ताकत दिखाएगी.