उत्तराखंडघटना

ऋषिकेश में भीषण सड़क हादसा, बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, यूकेडी नेता त्रिवेंद्र पंवार समेत 2 की मौत

ऋषिकेश

उत्‍तराखंड के ऋषिकेश में बीती रात दर्दनाक हादसा हो गया. ऋषिकेश में नटराज चौक के पास हुए इस सड़क हादसे में उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार समेत दो लोगों की मौत हो गई. वहीं, इस दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है. उत्‍तराखंड के मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने इस हादसा पर दुख प्रकट करते हुए कहा, ‘उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं संरक्षक त्रिवेंद्र सिंह पंवार के दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ. ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें.’

हादसा इतना भीषण था कि वाहनों के परखच्‍चे उड़ गए. पुलिस ने बताया कि ये हादसा बेकाबू ट्रक के कारण हुआ, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई. उन्‍होंने बताया कि रविवार देर रात एक तेज रफ्तार सीमेंट से लदे ट्रक ने नटराज चौक के पास खड़ी पांच गाडि़यों को टक्कर मार दी. इस भिड़ंत में कई लोग चपेट में आ गए. एक्‍सीडेंट के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया. हादसे में घायल यूकेडी के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार को एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां उन्‍हें डॉक्‍टरों ने मृत घोषित कर दिया.

एम्स लाए गए लालतप्पड़ निवासी गुरजीत सिंह की भी मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है. बताया जा रहा है कि त्रिवेंद्र पंवार एक पूर्व राज्यमंत्री के बेटे की शादी में शामिल होने यहां पहुंचे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!