मिडिल ईस्ट तनाव का असर, पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 महंगा.

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच आम जनता को बड़ा झटका लगा है। नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के चलते यह फैसला लिया गया है, जिसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
![]()
सूत्रों के मुताबिक, 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजराइल के सैन्य हमलों के बाद वैश्विक तेल कीमतों में करीब 50 प्रतिशत तक उछाल आया है। इसके बावजूद भारत में अब तक पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतें स्थिर बनी हुई थीं, जिससे फ्यूल कंपनियों पर दबाव बढ़ता जा रहा था।
कंपनियों पर बढ़ा दबाव, घाटे से बचने के लिए लिया फैसला
नायरा एनर्जी, जो देशभर में हजारों पेट्रोल पंप संचालित करती है, ने बढ़ती इनपुट लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालने का निर्णय लिया है। हालांकि, सरकारी कंपनियों ने अभी तक कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है और दरें स्थिर रखी हैं।
वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज़ और बीपी के संयुक्त उद्यम जियो-बीपी ने अभी तक कीमतें नहीं बढ़ाई हैं, जबकि उन्हें भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जानकारों का कहना है कि बढ़ती लागत और लगातार हो रहे नुकसान के कारण प्राइवेट रिटेलर्स के पास कीमतें बढ़ाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। अलग-अलग राज्यों में वैट और अन्य करों के चलते कीमतों में बढ़ोतरी का असर भी अलग-अलग देखने को मिल सकता है।