रेल परियोजनाओं पर सीएम धामी की बड़ी समीक्षा बैठक,
टनकपुर–बागेश्वर और कर्णप्रयाग विस्तार पर फोकस

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में राज्य की निर्माणाधीन और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से टनकपुर–बागेश्वर रेल लाइन और कर्णप्रयाग से आगे रेल विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टनकपुर–बागेश्वर रेल लाइन परियोजना पर तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत विभिन्न वैकल्पिक मार्गों पर भी विचार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक क्षेत्र और जनसंख्या को इसका लाभ मिल सके। साथ ही अल्मोड़ा और सोमेश्वर क्षेत्र को जोड़ने की संभावनाओं का भी परीक्षण करने के निर्देश दिए।
ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने एस्केप टनल को समानांतर सड़कों के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम करने के निर्देश दिए, जिससे आपात स्थिति में वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग से बागेश्वर तक रेल विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि इस दिशा में प्रभावी पैरवी की जाए। उन्होंने टनकपुर–बागेश्वर रेल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित कराने के लिए केंद्र सरकार से आग्रह करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा उन्होंने रेलवे स्टेशनों के आसपास स्थानीय विकास को बढ़ावा देने, छोटे व्यापारियों और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित करने तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर भी बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल कनेक्टिविटी राज्य के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, इसलिए सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।