रुद्रपुर में सफाई कर्मचारी संघ ने उठाई नियमितीकरण की मांग,
मेयर और नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

रुद्रपुर: देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने नगर निगम रुद्रपुर में लंबे समय से संविदा और दैनिक वेतन पर कार्यरत कर्मचारियों के विनियमितीकरण की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मेयर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शहरी विकास निदेशालय उत्तराखंड द्वारा 17 फरवरी 2026 को आदेश जारी किए गए थे। इन निर्देशों के तहत चयन समिति के माध्यम से विनियमितीकरण के लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी थी, लेकिन रुद्रपुर नगर निगम में अब तक इन आदेशों का अनुपालन नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से संविदा या दैनिक वेतन पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका स्थायीकरण नहीं हो सका है। ऐसे में कर्मचारियों का भविष्य अब भी अनिश्चित बना हुआ है।
संघ ने मांग की कि नगर निगम में कार्यरत सभी संविदा कर्मियों और पर्यावरण मित्रों को प्राथमिकता के आधार पर स्थायी नियुक्ति प्रदान की जाए।
इस पर मेयर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी ने संघ के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि मामले में जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में संघ के शाखा अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, महामंत्री अंकित कुमार, उपाध्यक्ष सुनील कुमार सहित राजपाल चौधरी, परितोष माझी, मनोज कुमार, नन्हे, रिंकू, किशन पाल, महावीर, राजपाल आदि मौजूद रहे।