ईरान इजरायल युद्ध फंसे लोगों की घर वापसी, रुद्रप्रयाग ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
खाड़ी देशों में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रशासन अलर्ट हो गया है. जिले हेल्पलाइन नंबर जारी कर रहे हैं.
रुद्रप्रयाग: वर्तमान में इजरायल और ईरान के मध्य चल रहे युद्ध जैसे हालातों के दृष्टिगत विभिन्न अरबीय युद्ध प्रभावित खाड़ी देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार पूर्ण रूप से सतर्क एवं प्रतिबद्ध है. सरकार द्वारा लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है. विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग के किसी भी विकासखंड, तहसील अथवा ग्राम क्षेत्र से यदि कोई व्यक्ति रोजगार, व्यवसाय, शिक्षा या अन्य किसी उद्देश्य से उक्त प्रभावित खाड़ी देशों में रह रहा है अथवा किसी प्रकार की समस्या में फंसा हुआ है, तो उसकी सूचना जिला प्रशासन को उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि ऐसे नागरिकों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी के लिए आवश्यक अग्रिम कार्यवाही की जा सके.

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि उनके परिवार का कोई सदस्य या परिचित व्यक्ति इन देशों में फंसा हुआ है, तो उसकी जानकारी नाम, पूरा पता, मोबाइल नंबर, पासपोर्ट नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरण सहित निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर उपलब्ध कराएं.
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार वर्तमान में इजराइल, ईरान सहित अन्य खाड़ी देशों में युद्ध जैसी स्थिति को देखते हुए वहां निवास कर रहे उत्तराखंड के नागरिकों विशेषकर जनपद रुद्रप्रयाग के निवासियों की सुरक्षा के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं. उन्होंने कहा यदि जनपद के किसी व्यक्ति के परिजन इन देशों में रह रहे हैं. उनके संबंध में यदि किसी को कोई जानकारी देनी हो या कुशलक्षेम जाननी हो, तो वे इसके लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग के आपदा कंट्रोल रूम एवं जिला प्रशासन के जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से भी हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं.
इन नंबरों पर संपर्क कर लोग अपने परिजनों से संबंधित सूचना उपलब्ध करा सकते हैं. यदि किसी के परिजन युद्ध से प्रभावित देशों में फंसे हुए है तो उसकी जानकारी भी प्रशासन को दे सकते हैं. जिलाधिकारी ने बताया मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यह कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे संचालित रहेंगे. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग की पूरी टीम इस संबंध में पूरी तरह प्रतिबद्ध है. प्रशासन हर परिस्थिति में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है. जिला प्रशासन ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि इस संबंध में प्राप्त किसी भी सूचना को तत्काल प्रशासन के साथ साझा करें, ताकि प्रभावित भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके.