उत्तराखंडउधम सिंह नगर

जसपुर: दहेज की बलि चढ़ी गर्भवती विवाहिता! संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप.

जसपुर (ऊधम सिंह नगर): उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद अंतर्गत जसपुर कोतवाली क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दहेज के लिए हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

शादी के महज 7 महीने बाद उजड़ा सुहाग

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के लालापुर गांव निवासी नन्हे खां ने अपनी पुत्री नाजमा का निकाह करीब सात महीने पहले (अगस्त माह में) जसपुर निवासी शाहनवाज के साथ किया था। परिजनों का कहना है कि निकाह के कुछ समय बाद से ही नाजमा को दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था। बताया जा रहा है कि मृतका गर्भवती भी थी।

​पिता का आरोप: “बेटी ने पहले ही जताया था जान का खतरा”

​मृतका के पिता नन्हे खां ने बिलखते हुए बताया कि शनिवार को उन्हें ससुराल पक्ष से सूचना मिली कि नाजमा ने आत्महत्या कर ली है। पिता का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “करीब एक महीने पहले मेरी बेटी ने फोन कर कहा था कि उसे यहाँ से ले जाओ, वरना ये लोग मुझे मार डालेंगे।” पिता के अनुसार, दहेज के लालच में उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

​प्रशासनिक कार्रवाई और जांच

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जसपुर के तहसीलदार दिलीप सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया और बताया कि महिला की शादी को अभी लगभग एक वर्ष ही हुआ था, इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट जांच की कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।

​कोतवाल नरेश चौहान ने बताया:

​”शव को कब्जे में ले लिया गया है। मृत्यु के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मायके पक्ष की ओर से दी गई तहरीर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

​फिलहाल, इस घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!