
विशेष चेकिंग अभियान में 2300 से अधिक वाहनों की जांच, व्यापक स्तर पर कार्रवाई
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशानुसार देहरादून संभाग में दिनांक 6 एवं 7 अप्रैल 2026 को परिवहन विभाग द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अन्य राज्यों से आने वाले वाहन बिना कर अदायगी (टैक्स) के उत्तराखंड में प्रवेश कर रहे थे। इसी के दृष्टिगत यह विशेष अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान कुल 2313 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 345 वाहनों के चालान किए गए तथा 87 वाहनों को सीज (बंद) किया गया।
इसके अतिरिक्त, अन्य राज्यों के वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 2010 वाहनों की जांच, 81 चालान तथा 27 वाहनों को सीज किया गया।
चारधाम यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए यह अभियान देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की एवं विकासनगर में संचालित किया गया।
स्थानवार प्रवर्तन कार्रवाई:
रुड़की: 581 वाहनों की जांच, 65 चालान, 15 वाहन सीज
देहरादून: 581 वाहनों की जांच, 57 चालान, 23 वाहन सीज
हरिद्वार: 726 वाहनों की जांच, 80 चालान, 29 वाहन सीज
ऋषिकेश: 830 वाहनों की जांच, 67 चालान, 23 वाहन सीज

परिवहन विभाग के अनुसार, यह विशेष अभियान आगामी चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए कर अपवंचना को रोकने,सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना टैक्स एवं बिना परमिट संचालित वाहनों के अतिरिक्त अन्य प्रमुख अभ्योजनों—जैसे ओवरलोडिंग, फिटनेस संबंधी अनियमितताएं एवं नियमों के उल्लंघन—पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
इस अभियान की विशेषता यह रही कि बड़ी संख्या में वाहनों को सीज (बंद) किया गया। वाहन खड़े करने हेतु स्थान की कमी के बावजूद, परिवहन अधिकारियों द्वारा कड़ी मेहनत एवं समन्वय के साथ बड़ी संख्या में वाहनों को बंद कराया गया, जो प्रवर्तन कार्रवाई की प्रभावशीलता को दर्शाता है।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि राज्य में सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं नियमबद्ध यातायात सुनिश्चित किया जा सके।