उत्तराखंडनैनीताल

नैनीताल: स्कूल से घर लौट रही 10वीं की छात्रा लापता, दिल्ली में ट्रेस हुई लोकेशन.

नैनीताल जनपद के लालकुआं क्षेत्र में 10वीं कक्षा की एक छात्रा के रहस्यमयी ढंग से लापता होने से हड़कंप मच गया। स्कूल से घर लौटते समय रास्ते में छात्रा के कपड़े झाड़ियों में मिलने से मामला और गंभीर हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।

नैनीताल: स्कूल से घर लौट रही 10वीं की छात्रा लापता, दिल्ली में ट्रेस हुई लोकेशन

रास्ते से अचानक लापता हुई छात्रा

जानकारी के अनुसार, लालकुआं के मोटाहल्दू क्षेत्र की रहने वाली छात्रा रोजाना की तरह स्कूल गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद वह घर नहीं लौटी। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सड़क किनारे झाड़ियों में छात्रा के कपड़े मिलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी लगाया गया। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, ताकि छात्रा के आखिरी मूवमेंट का पता लगाया जा सके।

5 घंटे में 50 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दिल्ली में ट्रेस

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 5 घंटे में 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर छात्रा की लोकेशन दिल्ली में ट्रेस की गई है।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि नाबालिग के लापता होने की सूचना मिलते ही सभी पुलिस इकाइयों को अलर्ट कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि छात्रा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उसे सकुशल बरामद करने के लिए विशेष टीम दिल्ली रवाना कर दी गई है।

पुलिस की विशेष टीम रवाना

पुलिस का कहना है कि छात्रा को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंपने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!