अक्षय तृतीया पर खुलेंगे यमुनोत्री धाम के कपाट; 30 अप्रैल को है शुभ मुहूर्त।

मंदिर समिति ने यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित कर दी है। चारधाम यात्रा के पहले पड़ाव यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सभी भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे। अक्षय तृतीया के दिन मां यमुना के दर्शन करने से पुण्य की प्राप्ति मानी जाती है। यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से ही चारधाम 2025 की शुरुआत हो जाएगी। इसके साथ ही श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन करने के बाद अपनी आध्यात्मिक यात्रा का शुभारंभ कर सकेंगे। मां यमुना की डोली यमुनोत्री धाम के लिए अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली से सुबह 8 बजे रवाना होगी।
यमुना जयंती पर निकाला गया शुभ मुहूर्त
यमुना जयंती के अवसर पर खरसाली गांव के यमुना मंदिर परिसर में कपाट खुलने का शुभ मुहूर्त निकाला गया। पूरे विधिविधान के साथ रोहिणी नक्षत्र और सिद्ध योग में, 30 अप्रैल की सुबह 11:55 बजे यमुना मंदिर के कपाट खोले जाएंगे।
खरसाली से यमुनोत्री के लिए रवाना होगी मां यमुना की डोली
मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि कपाट खुलने से पहले, मां यमुना की डोली अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव से सुबह 8 बजकर 28 मिनट पर यमुनोत्री धाम के लिए रवाना होगी।
आपको ये भी बता दें कि यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से चारधाम यात्रा 2025 की शुरुआत हो जाएगी। इसके बाद गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
मंदिर समिति के अधिकारी रहे मौजूद
इस शुभ अवसर पर मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, समिति के सचिव सुशील उनियाल, गौरव उनियाल, संजीव उनियाल, प्रदीप उनियाल, कुलदीप, गौरव, श्रवण, ममलेश और शीतकालीन पुजारी पंकज उनियाल व शेखर उनियाल उपस्थित थे।
उत्तराखंड सरकार और मंदिर समिति श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रही है और सुचारू इंतेजाम भी करने का पूरा प्रयास कर रही हैं। यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक होगा, साथ ही उन्हें स्वास्थ्य जांच और यात्रा मार्ग की जानकारी लेकर यात्रा पर जाने की सलाह दी गई है।