उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में बेकाबू इनोवा का कहर: कई वाहनों को मारी टक्कर, घर में घुसी कार, एक की मौत.

देहरादून के डालनवाला थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड सर्वे रोड पर एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने जमकर तबाही मचाई। बेकाबू कार ने पहले कई वाहनों को टक्कर मारी, फिर एक घर का गेट तोड़ते हुए परिसर में जा घुसी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, कार चालक नशे की हालत में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। सबसे पहले उसने एक बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 48 वर्षीय रोहित फिलिप की मौत हो गई, जबकि उनका 22 वर्षीय बेटा अनूप गंभीर रूप से घायल है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी चालक गुनीत सिंह ने डीएल कट से तेज गति में आकर पहले एक कार को टक्कर मारी। इसके बाद उसने स्कूटी और मोटरसाइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में स्कूटी सवार राहुल भी घायल हो गया, जिसे पहले वैश्य नर्सिंग होम और बाद में मैक्स हॉस्पिटल रेफर किया गया।

घटना के बाद भी चालक नहीं रुका और सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों को टक्कर मारता हुआ एक घर के गेट को तोड़कर अंदर घुस गया। इस दौरान घर के अंदर खड़ी स्कूटी और कार भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रोहित फिलिप को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वहीं, अन्य घायलों का इलाज जारी है।

पुलिस ने आरोपी चालक गुनीत सिंह (43), निवासी डालनवाला, को हिरासत में ले लिया है। उसे मेडिकल जांच के लिए कोरोनेशन जिला अस्पताल भेजा गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

गौरतलब है कि इससे पहले 11 नवंबर 2024 को भी देहरादून के ओएनजीसी चौक पर इनोवा कार और कंटेनर की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे शहर में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर चिंता बढ़ी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!