उत्तराखंडदेहरादून
Trending

Gorkha Himalayan Festival कुल मिलाकर गोरखा हिमालय महोत्सव का अंतिम भाग, घर-घर विक्रेता दिया जा रहा है

देहरादून: शहीद दुर्गा मल्ल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित होने वाले तीन दिवसीय गोरखा हिमालयन फेस्टिवल को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। फेस्टिवल में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आमंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। ट्रस्ट की महिला सदस्य समूह बनाकर घर-घर जाकर मंत्रियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को इस भव्य आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दे रही हैं।

ट्रस्ट की अध्यक्षा कमला थापा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सांस्कृतिक महोत्सव 20, 21 और 22 फरवरी को गढ़ी कैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता समाज के सभी वर्गों के सहयोग पर निर्भर करती है, इसलिए संस्कृति, कला और समाजसेवा से जुड़े लोगों को विशेष प्राथमिकता के साथ आमंत्रित किया जा रहा है।

ट्रस्ट की सचिव प्रभा शाह ने बताया कि इस फेस्टिवल में उत्तराखंड और अन्य हिमालयी क्षेत्रों की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। महोत्सव में पहाड़ी खान-पान के स्टॉल, पारंपरिक वेशभूषा प्रदर्शन, आकर्षक फैशन शो और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ “साइकोलोथॉन” के साथ किया जाएगा, जो स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा। इसके साथ ही पूरे आयोजन को पॉलीथिन मुक्त रखने का संकल्प भी लिया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि फेस्टिवल के दौरान कई उपयोगी कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें मधुमक्खी पालन, फल संरक्षण, सौंदर्य कला, नेचर फोटोग्राफी और ट्रैफिक नियमों से जुड़ी कार्यशालाएं प्रमुख होंगी। शाम के समय भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष मीनू क्षेत्री के अनुसार, इस महोत्सव में कई प्रसिद्ध कलाकार भाग लेंगे। जागर गायिका बसंती बिष्ट, सिलीगुड़ी से लोकगायक विक्रम कालीकोटी, दार्जिलिंग से लोकगायिका सुरक्षा सिंचुरी, डीआईडी फेम आद्याश्री उपाध्याय और जम्मू से एम जैक्शन कल्चर इंस्टीट्यूट की टीम विशेष प्रस्तुतियां देंगी। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल तीनों दिन सुबह 11 बजे से रात 10:30 बजे तक चलेगा।

फेस्टिवल के दौरान हिमालयी राज्यों की लोकसंस्कृति, शिल्पकला और पारंपरिक हुनर से जुड़ी प्रतिभाएं अपने लोकगायन, लोकवाद्य और लोकनृत्यों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। आयोजन की संरक्षक गोदावरी थापली ने देहरादून के नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस महोत्सव को भव्य और सफल बनाएं।

आमंत्रण अभियान में मुख्य रूप से ज्योति कोटिया, वंदना बिष्ट, नैन कारा, सूर्य विक्रम शाही, निर्मला थापा, नंदा रावत, उर्मिला तोमर सहित ट्रस्ट के कई सक्रिय सदस्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!