राजनीति

राहुल गांधी नामांकन के लिए रायबरेली पहुंचे: सोनिया, प्रियंका, रॉबर्ट वाड्रा भी साथ में; कांग्रेस ने अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को उतारा

राहुल गांधी नामांकन के लिए रायबरेली पहुंच गए हैं। उनके साथ मां सोनिया गांधी, बहन प्रियंका गांधी, जीजा रॉबर्ट वाड्रा भी हैं। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी विशेष विमान से राहुल के साथ आए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी थोड़ी देर में रायबरेली पहुंच रहे हैं।

राहुल करीब 12.30 बजे नामांकन करेंगे। आज (शुक्रवार) को नामांकन का आखिरी दिन है। कांग्रेस ने आज सुबह ही रायबरेली से राहुल के नाम का ऐलान किया। वहीं, अमेठी सीट से किशोरी लाल शर्मा को उतारा है। वह सोनिया गांधी के भरोसेमंद माने जाते हैं।

फुरसतगंज एयरपोर्ट पर उतरने के बाद प्रियंका और गहलोत अमेठी आ गए। किशोरी लाल के रोड शो में हिस्सा लिया। प्रियंका ने कहा- हम अमेठी में एक बार फिर सच्चाई और सेवा की राजनीति वापस लाना चाहते हैं। अब मौका आ गया है। ये आपका चुनाव है, आप लड़ेंगे, आप जिताएंगे।

भाजपा ने रायबरेली से योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दिया है, जबकि अमेठी से स्मृति ईरानी लड़ रही हैं। पहले कांग्रेस नेताओं ने राहुल के अमेठी और प्रियंका के रायबरेली से लड़ने की बात कही थी। अमेठी सीट पर भी आज नामांकन का आखिरी दिन है।अमेठी से दावेदारी छोड़ने पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने राहुल पर तंज कसा। कहा-राहुल अमेठी से पलायन करके वायनाड गए। रायबरेली की जनता समझ चुकी है, ये रणछोड़ दास लोग हैं। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा-गांधी परिवार जहां से हारता है, वहां दोबारा नहीं जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button