रुद्रप्रयाग: राज्यपाल गुरमीत सिंह पहुंचे केदारनाथ-बदरीनाथ धाम, की विशेष पूजा-अर्चना और विश्व कल्याण की कामना

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मंगलवार सुबह केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान केदारनाथ के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक पूजा-अर्चना कर विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि और उत्तराखंड के सतत विकास की कामना की।
राज्यपाल ने मंदिर परिसर में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों, यात्रा व्यवस्थाओं और प्रशासन की तत्परता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम में चल रहे विकास कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप हैं और इस पवित्र स्थल का पुनर्निर्माण अध्यात्म और आधुनिकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है।
धाम पहुंचने पर जिला प्रशासन, बीकेटीसी (बद्री-केदार मंदिर समिति) के पदाधिकारियों और पुजारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल ने मंदिर के पुजारियों से वार्ता कर यात्रा व्यवस्था की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
केदारनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद राज्यपाल बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर देश और राज्य की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
राज्यपाल ने कहा कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम न केवल आस्था के केंद्र हैं, बल्कि ये उत्तराखंड की संस्कृति, आध्यात्मिकता और पहचान के प्रतीक भी हैं। उन्होंने कहा कि दोनों धामों में हो रहे पुनर्निर्माण कार्य भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक ऐतिहासिक धरोहर साबित होंगे।