उत्तराखंडराजनीति

उपचुनाव में मुख्यमंत्री धामी की जीत पर संतों ने जताया हर्ष

राज्य के विकास की गति तेज करेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी-श्रीमहंत रविन्द्रपुरी

हरिद्वार। चंपावत उप चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ऐतिहासिक जीत पर निरंजनी अखाड़े के संतों ने ढोल नगाड़े बजाकर और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर हर्ष जताया। इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने मुख्यमंत्री को जीत की बधाई देते हुए कहा कि चंपावत में मिली जीत मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी विकास परक नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में मुख्यमंत्री की जीत से उत्तराखण्ड का आम जनमानस उत्साहित है। संत समाज में भी हर्ष का माहौल है। सभी को विश्वास है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तेजी से विकास करेंगे। जनसमस्याओं का समाधान होगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा। श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि वे स्वयं मुख्यमंत्री के समर्थन में चंपावत में प्रचार करने गए थे। चुनाव प्रचार के दौरान जनता का रूझान देखकर उन्हें विश्वास हो गया था कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऐतिहासिक जीत हासिल करने जा रहे हैं। विहिप के केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जीत की बधाई देते हुए कहा कि धामी ऊर्जावान युवा नेता हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा ने लगातार दूसरी बार उत्तराखण्ड की सत्ता में वापसी की। चुनाव जीतने के बाद वे पूरी क्षमता से काम करते हुए उत्तराखण्ड का चहुंमुखी विकास करेंगे। ज्ञानवापी विवाद पर उन्होंने कहा कि सभी तथ्य मंदिर के पक्ष में है। मुस्लिम समाज को आगे आकर सत्य को स्वीकार करना चाहिए। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज व महामण्डलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जीत तो पहले से ही तय थी। चंपावत की जनता ने मुख्यमंत्री की विकास परक नीतियों पर मोहर लगाकर उनकी जीत को ऐतिहासिक बना दिया। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डा.विशाल गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जीत की बधाई देते हुए कहा कि युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखण्ड देश का सबसे समृद्ध राज्य बनेगा। इस दौरान कई संत मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!