
देहरादून, 16 अक्टूबर: कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में 09 नवंबर को मनाए जाने वाले उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस (रजत जयंती वर्ष) के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास और सैनिक कल्याण विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की।
बैठक में 07 नवंबर को हल्द्वानी में प्रस्तावित राज्य स्तरीय कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। यह कार्यक्रम “उत्तराखंड की शान, वीर जवान, समृद्ध नारी, सशक्त किसान” थीम पर आधारित रहेगा। मंत्री जोशी ने अधिकारियों को सभी विभागीय तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती वर्षगांठ उत्तराखंडवासियों के लिए गर्व का अवसर है। यह आयोजन राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा को प्रदर्शित करेगा, खासतौर पर कृषि, ग्राम्य विकास और सैनिक कल्याण के क्षेत्रों में हुई उपलब्धियों को व्यापक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
मंत्री जोशी ने बताया कि हल्द्वानी में चारों विभाग — कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास और सैनिक कल्याण — द्वारा संयुक्त रूप से भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय और प्रभावी योजना सुनिश्चित की जाए, ताकि यह आयोजन प्रदेश की जनता के लिए प्रेरणादायक बने।
बैठक में आयुक्त ग्राम्य विकास अनुराधा पाल, अपर सचिव ग्राम्य विकास झरना कमठान, निदेशक कृषि परमाराम, निदेशक बागवानी मिशन महेंद्र पाल, एमडी उपनल ब्रिगेडियर (सेनि) जे.एन.एस. बिष्ट, उपनिदेशक सैनिक कल्याण विंग कमांडर (सेनि) निधि बधानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।