उत्तराखंडदेहरादून

श्री बदरीनाथ धाम यात्रा 2026:नरेंद्र नगर राजदरबार से 7 अप्रैल रात्रि को ऋषिकेश पहुंचेगी गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा.

23 अप्रैल को खुलेंगे बदरीनाथ धाम के कपाट.

श्री बदरीनाथ डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत तथा श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार 7 अप्रैल को गाडू घड़ा (तेल कलश) यात्रा रात्रि विश्राम हेतु मंदिर समिति के चेला चेतराम धर्मशाला ऋषिकेश पहुंचेगी।

23 अप्रैल को खुलेंगे बदरीनाथ धाम के कपाट

श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि बुधवार 8 अप्रैल की प्रातः श्रद्धालु मंदिर समिति के रेल्वे रोड स्थित चेला चेतराम धर्मशाला में गाडू घड़ा तेल कलश के दर्शन करेंगे । दर्शन, पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण के पश्चात तेलकलश यात्रा अपराह्न को रात्रि विश्राम हेतु अगले पड़ाव श्री शत्रुघ्न मंदिर मुनिकीरेती को प्रस्थान करेगी। तथा तेलकलश यात्रा शत्रुघ्न मंदिर से 9 अप्रैल को श्रीनगर गढ़वाल हेतु रवाना होगी। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा विधायक प्रेमचंद अग्रवाल तथा श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन तेलकलश के दर्शन को पहुंचेंगे।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार 7 अप्रैल राजदरबार नरेंद्र नगर से महाराजा मनुजयेंद्र शाह श्री बदरीनाथ गाडूघड़ा तेल कलश यात्रा का शुभारंभ करेंगे इसी दिन राजमहल में महारानी मालाराज्य लक्ष्मी शाह सहित सुहागिन महिलाएं तिलों का तेल पिरो कर तेल कलश डिमरी पंचायत को सौंपेगे।पवित्र तेलकलश गाडूघड़ा देर शाम मंदिर समिति के चेला चेतराम धर्मशाला रेल्वे रोड ऋषिकेश पहुंचेगा।

गौरतलब है कि भगवान बदरीविशाल के अभिषेक में प्रयुक्त तेल कलश कुछ दिनों तक डिमरी तीर्थ पुरोहितों के मूल गांव डिम्मर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में रखा जाएगा, जहां इसकी प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
यात्रा की निर्धारित तिथियों में तेल कलश पाखी गरूड़ गंगा होते गांव 20 अप्रैल को श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ तथा रविग्राम, 21 अप्रैल को पांडुकेश्वर में रात्रि विश्राम रहेगा। तेलकलश 22 अप्रैल की शाम तक श्री बदरीनाथ धाम पहुंच जाएगा।
इसके पश्चात गुरुवार 23 अप्रैल को प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर विधि-विधान के साथ श्री बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। ऋषिकेश में तेलकलश यात्रा के अवसर डिमरी पंचायत अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, मंदिर समिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद डिमरी,उपाध्यक्ष भास्कर डिमरी, सचिव भगवती डिमरी, पूर्व अध्यक्ष सुरेश डिमरी एवं विनोद डिमरी, हरीश डिमरी,प्रबंधक विशाल पंवार, प्रबंधक भूपेंद्र राणा, सहायक प्रबंधक सोबन सिह रावत, गुलशन तलवार, वेद किशोर नौटियाल, राकेश डिमरी, विपुल डिमरी नरेश डिमरी भोला प्रसाद डिमरी,कुलदीप नेगी, सहित डिमरी पंचायत के सभी प्रतिनिधि मंदिर समिति के अधिकारी कर्मचारी आदि मौजूद रहेंगे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!