नदी में नहा रही थी छह साल की बेटी डूबने से मौत

बागेश्वर। छह वर्ष की मासूम सरयू में नहाते समय ब्रह्मकपाली पत्थर के समीप डूब गई। स्वजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।रविवार को अपने स्वजनों के साथ सरयू में नहाने गई छह वर्षीय कल्पी पुत्री चंद्रपाल शर्मा निवासी बरेली, बहेड़ी, हाल कत्यूर बाजार ब्रह्मकपाली पत्थर के समीप डूब गई। साथ में नहा रहे उसके स्वजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। बात में उसे खोजने की कोशिश की गई, कुछ समय बाद उसका शव बाहर निकल आया। जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। रेडक्रास के चेयरमैन संजय साह जगाती, सचिव आलोक पांडे, सभासद धीरेंद्र परिहार आदि घटना स्थल पहुंच गए।तत्काल उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया है। मृतका के पिता चंद्रपाल यहां टेलरिंग काम करते हैं। उनकी दो बेटियां हैं, कल्पी बड़ी बेटी थी। घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है। उधर, कोतवाल जगदीश ढकरियाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
शनिवार को भी हुआ था हादसा
बीते शनिवार को भी ब्रह्मकपाली पत्थर के समीप हादसा हुआ था। नदी में स्नान कर रहा युवक डूबने लगा और उसे साथियों ने बचा लिया था। यहां पुलिस की तैनाती नहीं होने के कारण लगातार घटनाएं बढऩे लगी हैं। नदी में पानी कम है। लेकिन कुछ स्थानों पर गहराई अधिक है। जहां दुर्घटना संकेतक भी नहीं लगे हैं। वहीं, जल पुलिस की तैनाती भी नहीं है।