उत्तराखंड

कारगिल विजय दिवस की तैयारियों को लेकर सैनिक कल्याण मंत्री ने की समीक्षा बैठक

देहरादून : आगामी 26 जुलाई को मनाए जाने वाले कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) की तैयारियों को लेकर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून स्थित सैनिक कल्याण निदेशालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। मंत्री जोशी ने निर्देश दिए कि शौर्य दिवस के सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से की जाएं ताकि यह आयोजन सैनिकों के शौर्य और बलिदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बन सके।

मंत्री जोशी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल भारतीय सेना के पराक्रम का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी कृतज्ञता का भी पर्व है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश के सभी जनपदों में शौर्य दिवस को भव्यता और सम्मान के साथ मनाया जाए तथा स्थानीय स्तर पर भी जनसहभागिता के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

उन्होंने जानकारी दी कि देहरादून के गांधी पार्क में राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए उत्तराखंड के वीर जवानों के परिजनों, वीरांगनाओं और वीर माताओं को सम्मानित किया जाएगा।

 

मंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आयोजन के प्रत्येक पहलू में गरिमा, अनुशासन और सम्मान का समुचित समावेश हो तथा तैयारियों को एक सुनियोजित कार्ययोजना के तहत क्रियान्वित किया जाए।

इस अवसर पर सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी, अपर सचिव श्याम सिंह, निदेशक ब्रिगेडियर (सेनि) अमृत लाल, उपनिदेशक कर्नल (सेनि) योगेन्द्र कुमार, उपनिदेशक विंग कमाण्डर (सेनि) निधि बधानी सहित कई अधिकारी व पूर्व सैनिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!