उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

हेली टिकट के नाम पर ठगी करने वालों पर सख्ती, 265 वेबसाइट और अकाउंट्स बंद.

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा से पहले सक्रिय साइबर ठगों पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं को ठगने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान चलाते हुए पुलिस ने पिछले दो महीनों में 265 से अधिक वेबसाइट्स, सोशल मीडिया अकाउंट्स, बैंक खातों और मोबाइल नंबरों को बंद या ब्लॉक कराया है।

हेली टिकट के नाम पर ठगी करने वालों पर सख्ती, 265 वेबसाइट और अकाउंट्स बंद

दरअसल, हर साल यात्रा शुरू होने से पहले ठग फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया पेज बनाकर लोगों को सस्ते हेली टिकट का लालच देते हैं। इस बार भी कई लोग इनके झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठे। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया।

पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर के नेतृत्व में ‘साइबर फ्रॉड कॉम्बैट फोर्स’ का गठन किया गया, जिसने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय ठगों के नेटवर्क को तोड़ने का काम शुरू किया।

सोशल मीडिया पर कार्रवाई
पुलिस ने 111 फेसबुक पेजों की पहचान की, जिनमें से 106 को हटवा दिया गया है। वहीं 16 इंस्टाग्राम अकाउंट्स को संदिग्ध मानते हुए रिपोर्ट किया गया है और उनकी जांच जारी है।

मोबाइल और व्हाट्सएप नेटवर्क पर प्रहार
ठगी में इस्तेमाल हो रहे 110 मोबाइल नंबरों में से 55 नंबर ब्लॉक किए जा चुके हैं। बाकी नंबरों को भी बंद कराने की प्रक्रिया चल रही है। इनकी जानकारी टेलीकॉम कंपनियों और व्हाट्सएप को दे दी गई है।

बैंक खातों और वेबसाइट्स पर निगरानी
ठगी से जुड़े 6 बैंक खातों में से एक को फ्रीज कर दिया गया है, जबकि अन्य खातों पर कार्रवाई जारी है। इसके अलावा हेलीकॉप्टर टिकट दिलाने का दावा करने वाली 22 संदिग्ध वेबसाइट्स को चिन्हित कर डोमेन रजिस्ट्रार को रिपोर्ट किया गया है।

पुलिस की अपील
एसपी निहारिका तोमर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि हेलीकॉप्टर टिकट की बुकिंग केवल IRCTC के अधिकृत हेलीयात्रा पोर्टल से ही करें। किसी भी अनजान लिंक, वेबसाइट या सोशल मीडिया विज्ञापन के जरिए बुकिंग करने से बचें।

उन्होंने यह भी कहा कि रुद्रप्रयाग पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। यदि किसी के साथ ठगी होती है, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!