उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

शिकायतकर्ता की संतुष्टि को मानक बनाकर किया जाए समस्याओं का निस्तारण: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

टिहरी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा के दौरान एक महत्वपूर्ण प्रकरण पर सख्त नाराज़गी व्यक्त की। मामला श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय टिहरी की छात्रा साक्षी से जुड़ा था, जिन्होंने विश्वविद्यालय स्तर से डिग्री नहीं दिए जाने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज कराई थी, लेकिन उसका निस्तारण नहीं हुआ था।

मुख्यमंत्री ने सचिव आईटी और सचिव उच्च शिक्षा को एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और संबंधित अधिकारी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी को एक सप्ताह के अंदर डिग्री उपलब्ध कराई जाए।

छात्र-छात्राओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए। सेवा के अधिकार के तहत दी जाने वाली सेवाओं को कार्यालयों के डिस्प्ले बोर्ड पर दर्ज किया जाए। बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का निस्तारण सीएम हेल्पलाइन पर तेजी से किया जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नोटिस बोर्ड पर स्पष्ट करें कि वे किस दिन समस्याओं के समाधान के लिए उपस्थित होंगे। आपदा से प्रभावित क्षेत्रों की शिकायतों को प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाएगा। जिलाधिकारियों को जनता मिलन कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने होंगे और शिकायतों का समाधान समयसीमा में न करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “समस्या का समाधान तभी माना जाएगा, जब शिकायतकर्ता पूर्ण रूप से संतुष्ट होगा।” उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक माह की 5 तारीख तक हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रस्तुत करें।

बैठक में निदेशक आईटीडीए गौरव कुमार ने हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों और विभागों द्वारा समाधान के लिए की गई कार्यवाही की जानकारी दी। बैठक में यह भी बताया गया कि पेयजल, गृह और ऊर्जा विभाग से सबसे अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।

बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिवगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!