क्राइम

हत्यारे पूर्व आर्मी जवान 19 साल बाद गिरफ्तार

19 साल बाद न्याय की उम्मीद, CBI ने पुडुचेरी से गिरफ्तार किए पूर्व सैनिक, हत्या की साजिश का किया खुलासा।

भारतीय सेना के दो पूर्व सैनिकों को एक महिला और उसके दो जुड़वा बच्चों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह मामला 2006 का है, जब सेना के एक जवान ने अपने साथी सैनिक के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे और लगभग 19 सालों तक पुलिस की नजरों से बचे रहे थे।

यह घटना 10 फरवरी, 2006 को केरल राज्य के कोल्लम जिले में हुई, जब 24 वर्षीय रंजिनी और उनकी 17 दिन की जुड़वां बेटियों की हत्या उनके किराए के घर में की गई। रंजिनी की मां जब पंचायत कार्यालय से लौट रही थीं, तब उन्होंने लाशें देखीं और पुलिस को सूचित किया।

पुलिस जांच में पता चला कि अंचल के मूल निवासी दिबिल कुमार बी का रंजिनी के साथ रिश्ता था। दिबिल उस समय 28 साल के थे और पठानकोट में भारतीय सेना की 45 A.D. रेजिमेंट में सेवारत थे। जुड़वां बच्चों के जन्म के बाद, उन्होंने रंजिनी से दूरी बनानी शुरू कर दी और बच्चों को अपनाने से मना कर दिया।

रंजिनी ने केरल राज्य महिला आयोग से संपर्क किया, जिसने जुड़वा बच्चों के पिता का पता लगाने के लिए एक टेस्ट का आदेश दिया। इससे दिबिल कुमार क्रोधित हो गए और उन्होंने हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी, जिसमें उनके साथी सैनिक राजेश पी भी शामिल थे।

दोनों आरोपी हत्या के बाद फरार हो गए और सेना ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच की और दोनों पर 2 लाख का इनाम भी घोषित किया। इसके बाद, केरल हाई कोर्ट के आदेश पर 2010 में यह मामला CBI को सौंप दिया गया, लेकिन CBI को भी कोई सफलता नहीं मिली।

हाल ही में, CBI को सूचना मिली कि दोनों आरोपी कुमार और राजेश फर्जी नामों से पुडुचेरी में रह रहे हैं। उन्होंने आधार कार्ड समेत कई फर्जी दस्तावेज भी हासिल कर लिए थे और कथित तौर पर उन्होंने शहर में दो शिक्षिकाओं से शादी कर ली थी।

CBI ने 3 जनवरी को उन्हें गिरफ्तार किया और उन्हें कोच्चि ले जाया गया। जहां उन्हें एर्नाकुलम मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। दोनों आरोपियों को 18 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि CBI भी उनकी हिरासत की मांग करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button