मंत्री ने जनता दरबार में सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

पौड़ी गढ़वाल : प्रदेश के उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में विकासखंड पाबौ के ब्लॉक सभागार में जनता दरबार आयोजित किया गया। इस दौरान मंत्री ने आमजन से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
जनता दरबार में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान 100 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें मुख्य रूप से पेयजल, बिजली, समाज कल्याण, स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं।
समस्याओं के समाधान के लिए मंत्री के निर्देश:
- बिजली समस्या: मंत्री ने एसडीओ को निर्देश दिया कि जर्जर बिजली के खंभों की तुरंत मरम्मत कराई जाए।
- पेयजल संकट: बिडोली गांव में पानी की समस्या को देखते हुए मंत्री ने कहा कि पंपिंग योजना का कार्य पांच महीने में पूरा किया जाएगा। तब तक ग्रामीणों को वैकल्पिक व्यवस्था से पानी उपलब्ध कराया जाए।
- मुआवजा: मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि जिन लोगों की भूमि मोटर मार्ग कटिंग में प्रभावित हुई है, उन्हें शीघ्र मुआवजा दिया जाए।
- प्रधानमंत्री आवास योजना: पात्र लाभार्थियों की जल्द पहचान कर उन्हें आवास योजना का लाभ दिया जाए।
- कृषि सहायता: बेहतर कार्य कर रहे किसानों को अन्य सरकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाए।
- समाज कल्याण: मंत्री ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि पेंशन से वंचित दिव्यांग और वृद्धजनों को पेंशन का लाभ दिलाया जाए।
पाबौ क्षेत्र के लिए प्रमुख घोषणाएं:
- पाबौ डिग्री कॉलेज में 100 छात्रों के लिए हॉस्टल बनाया जाएगा।
- 127 गांवों को धारी देवी पेयजल योजना से जोड़ा जाएगा।
- पाबौ में पॉलिटेक्निक छात्रों के लिए हॉस्टल, हेलिपैड और स्टेडियम का निर्माण होगा।
- व्यापार संघ और पुलिस की बैठक के बाद पाबौ में पार्किंग स्थल चिन्हित किया जाएगा।
- पाबौ को नगर पंचायत बनाने पर ग्रामीणों की सहमति ली जाएगी।
- 31 मार्च तक 85 और अप्रैल के अंत तक 276 चिकित्सकों की नियुक्ति होगी।
- गर्भवती महिलाओं के लिए ‘खुशियों की सवारी’ निःशुल्क परिवहन सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
- एनीमिया मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
- टीबी मुक्त पाबौ बनाने के लिए जागरूकता और इलाज की व्यवस्था होगी।
- पाबौ टैक्सी-मैक्सी संचालकों की आंखों की जांच कराई जाएगी।
- कुल्याणी गांव को ‘एप्पल गांव’ और ग्वालीगाड़ को ‘मत्स्य गांव’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
- क्षेत्र के जर्जर प्रतीक्षालयों की मरम्मत होगी।
शिलान्यास और लाभ वितरण:
मंत्री ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बिशल्ड और कालों के मरम्मत कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही, राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमगांव के नए भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री राहत कोष के 08 लाभार्थियों को 5-5 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। इसके अलावा, 03 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, 11 दिव्यांग प्रमाण पत्र और 05 सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
उपस्थित अधिकारी एवं गणमान्य:
इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, डीएफओ गढ़वाल स्वप्निल अनिरुद्ध, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल, उप जिलाधिकारी रेखा आर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।