देहरादून

जनता दर्शन में डीएम को आभार व्यक्त करने पहुंचे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारी

देहरादून:  जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों को मिली विभिन्न सुविधाओं के लिए अल्मोड़ा से आए बुजुर्ग नवीन चंद्र जोशी ने आज जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। नवीन चंद्र जोशी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रथम पीढ़ी के आश्रित हैं।

जिलाधिकारी द्वारा विगत माह आयोजित बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की समस्याओं को सुनते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। इनमें स्मार्ट सिटी लिमिटेड की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा, पुराने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में स्वतंत्रता सेनानी भवन निर्माण की समस्या का समाधान, और आवास हेतु भूखंड आवंटन के प्रयास शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान ही स्मार्ट सिटी की बसों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों के लिए निःशुल्क यात्रा के आदेश जारी किए थे। रोडवेज की बसों में भी निःशुल्क यात्रा के लिए महाप्रबंधक से पत्राचार करने का आश्वासन दिया गया है। अब स्मार्ट सिटी की बसों पर फ्री यात्रा का फ्लेक्स भी लगा दिया गया है।

स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों की मांग पर चौराहों, स्कूलों, सड़कों और महत्वपूर्ण स्थलों का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर करने के लिए संबंधित विभागों के सचिवों से पत्राचार किया जाएगा। नगर निगम अंतर्गत 100 वर्ग मीटर भूमि आवंटन के संबंध में जारी शासनादेश पर कार्यवाही के लिए मेयर नगर निगम को अनुरोध पत्र भेजा गया है।

जिलाधिकारी ने पुराने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन सेनानी भवन में उत्पन्न विवाद को सुलझाते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने स्पष्ट किया कि आवास हेतु भूखंड स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का हक है और प्रशासन इस दिशा में हर संभव प्रयास करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!