
बागेश्वर: जनपद बागेश्वर के गरुड़ क्षेत्र में रविवार रात एक गोशाला में तीन गुलदार घुस आए और हमला कर एक गाय व एक बछड़े को मार डाला। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर गुलदारों को पकड़ने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गरुड़ के गढ़सेर वार्ड स्थित चक्रव्रतेश्वर में रविवार रात तीन गुलदार गोशाला में घुस गए और वहां बंधी एक गाय तथा एक बछड़े को अपना निवाला बना लिया। अन्य गायों के रंभाने की आवाज सुनकर गो सेवक और कत्यूर गौ सेवा समिति के अध्यक्ष विनोद कांडपाल की नींद खुली।
वे तुरंत गोशाला की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों गुलदार तेजी से वहां से भाग चुके थे। उन्होंने शोर मचाते हुए कनस्तर बजाकर गुलदारों को भगाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि गुलदार पास के गधेरे की झाड़ियों में छिप गए।
सोमवार सुबह घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर बैजनाथ के वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह गुसाई टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि कई गायें गोशाला के बाहर खुले में बांधी गई हैं। उन्होंने लोगों से गायों को सुरक्षित स्थान और बंद कमरे में बांधने की अपील की है। साथ ही पीड़ितों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इधर गढ़सेर वार्ड के सभासद प्रदीप गुरुरानी सहित स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाकर गुलदारों को पकड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र और आसपास के गांवों में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।