
अल्मोड़ा: होली से पहले जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। बसौली के पास ताकुला–अल्मोड़ा मोटर मार्गपर गुरुवार को शादी समारोह से लौट रही एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 11 माह के मासूम सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन चालक अर्जुन कुमार (35) ने बसौली के समीप अचानक नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सीधे गहरी खाई में समा गई। हादसा इतना भीषण था कि स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत टीमों को घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
दुर्घटना में एक मां ने अपनी 11 माह की गोद की किलकारी खो दी, वहीं एक पति की आंखों के सामने उसकी जीवनसंगिनी हमेशा के लिए बिछुड़ गई। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार वाहन अनियंत्रित होने के चलते दुर्घटना हुई।
प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।