
देहरादून/दिल्ली। मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस 17’ फेम अनुराग डोभाल, जिन्हें दुनिया UK 07 Rider के नाम से जानती है, इन दिनों अपने जीवन के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। हाल ही में एक आत्मघाती कदम उठाने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए अनुराग ने अब अस्पताल से अपनी पहली फोटो और हेल्थ अपडेट साझा की है। उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और उनके प्रशंसकों को भावुक कर रहा है।
![]()
”मैं आज एक अनाथ हूँ”– अनुराग का भावुक संदेश
अनुराग ने आईसीयू से बाहर आने के बाद अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसके साथ उन्होंने एक दिल छू लेने वाला संदेश लिखा है। उन्होंने अपनी पोस्ट में स्वीकार किया कि उन्होंने कभी वापस लौटने की उम्मीद नहीं की थी।
अनुराग डोभाल ने लिखा: “मैंने कभी जिंदा रहने का नहीं सोचा था। जिस रास्ते पर मैं चल पड़ा था, वहां से लौटना नामुमकिन सा था। मेरा बचना किसी जादू से कम नहीं है। मैं आज एक अनाथ महसूस कर रहा हूँ, मुझे नहीं पता आगे क्या होगा? लेकिन अगर मुझे नया जन्म मिला है, तो ईश्वर ने मेरे लिए कुछ न कुछ जरूर सोचा होगा।”
मेरठ से दिल्ली तक चला इलाज
बता दें कि पारिवारिक विवादों से परेशान होकर अनुराग ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान जान देने की कोशिश की थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया था। अब वे खतरे से बाहर हैं और आईसीयू से शिफ्ट हो चुके हैं।
कौन हैं UK 07 Rider?
उत्तराखंड के डोईवाला के रहने वाले अनुराग डोभाल देश के सबसे बड़े मोटो-ब्लॉगर्स में से एक हैं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा उनके सोशल मीडिया आंकड़ों से लगाया जा सकता है:
यूट्यूब: 7.82 मिलियन सब्सक्राइबर्स
इंस्टाग्राम: 6.9 मिलियन फॉलोअर्स
फेसबुक: 1.5 मिलियन फॉलोअर्स
बिग बॉस 17 में हिस्सा लेने के बाद उनकी फैन फॉलोइंग में जबरदस्त इजाफा हुआ था। उत्तराखंड के युवाओं के बीच वे एक ‘यूथ आइकन’ के रूप में देखे जाते हैं।
फैंस ने की सलामती की दुआ
अनुराग ने अपने पोस्ट के अंत में उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उनके बुरे वक्त में उनके लिए प्रार्थना की। उन्होंने लिखा कि वे अब सुरक्षित हैं और धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थक और साथी यूट्यूबर्स उनके जल्द स्वस्थ होने और मजबूती से वापसी करने की कामना कर रहे हैं।