
देहरादून/पौड़ी, 5 फरवरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 6 फरवरी को उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे अपने पैतृक गांव पंचूर, यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल) का दौरा करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पौड़ी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार, सीएम योगी आदित्यनाथ सबसे पहले हरिद्वार पहुंचेंगे, जहां वे एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह के समय आयोजित होगा। इसके बाद दोपहर में उनका अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि वे चमकोटखाल इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही यमकेश्वर इंटर कॉलेज के नए भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में भी उनके शामिल होने की संभावना है।
सीएम योगी आदित्यनाथ रात्रि विश्राम अपने पैतृक आवास पंचूर गांव में करेंगे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से मुलाकात का कार्यक्रम भी हो सकता है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
हालांकि अभी तक उनके कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट विस्तृत शेड्यूल प्रशासन को प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन संभावित कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दौरे को लेकर यमकेश्वर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय लोग इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण अवसर मान रहे हैं।