उत्तराखंडदेहरादून
Trending

उत्तराखंड: 24 अप्रैल से पहले रेल यात्रियों की बढ़ी परेशानी,

रुड़की से 10 जोड़ी ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल

रुड़की/देहरादून, 03 मार्च 2026: त्योहारों और राष्ट्रीय अवकाश के चलते रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 24 अप्रैल से पहले रुड़की रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली दस से अधिक जोड़ी ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना बेहद कठिन हो गया है। लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटों की भारी किल्लत के कारण वेटिंग लिस्ट लगातार बढ़ रही है।

प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग

योग एक्सप्रेस, हरिद्वार-बांद्रा एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस और हेमकुंड एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।

अलवर, जयपुर, अजमेर, अहमदाबाद, बांद्रा, सूरत, वडोदरा, गोधरा, रतलाम, कोटा, मथुरा, पठानकोट, लखनऊ, बक्सर, पटना, हावड़ा, गोरखपुर, मुंबई और राजस्थान की ओर जाने वाली ट्रेनों में स्थिति सबसे अधिक गंभीर बताई जा रही है।

कई ट्रेनों में वेटिंग सूची 150 के पार पहुंच चुकी है, जबकि कुछ में ‘नो रूम’ की स्थिति बन गई है।

यात्रियों की बढ़ी चिंता

यात्रियों का कहना है कि शादी-ब्याह, पारिवारिक कार्यक्रमों और त्योहारों में शामिल होने के लिए यात्रा जरूरी है, लेकिन टिकट कंफर्म न होने से परेशानी बढ़ रही है।

रुड़की निवासी अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने 20 दिन पहले टिकट बुक कराया था, लेकिन अब तक वेटिंग में है। परिवार के साथ यात्रा को लेकर चिंता बनी हुई है। वहीं अन्य यात्रियों का कहना है कि तत्काल टिकट में भी लंबी वेटिंग के कारण उम्मीद कम नजर आ रही है।

होली स्पेशल ट्रेनों से आंशिक राहत

मुख्य टिकट पर्यवेक्षक राजू के अनुसार, त्योहार और अवकाश के चलते यात्रियों की संख्या में अचानक वृद्धि हुई है। यात्रियों की सुविधा के लिए होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है, जिससे कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि 24 अप्रैल से पहले रुड़की से कंफर्म टिकट मिलना अभी भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से समय रहते टिकट बुक कराने और यात्रा की वैकल्पिक योजना बनाने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!