उत्तराखंड

उत्तराखंड को जलविद्युत ऊर्जा से मिलेगी नई ताकत: सीएम धामी ने केंद्र से 761 मेगावाट परियोजनाओं की स्वीकृति मांगी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से मुलाकात कर राज्य के जलविद्युत विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य में कुल 761 मेगावाट क्षमता की आठ जलविद्युत परियोजनाओं को स्वीकृति देने का अनुरोध किया।

इनमें 647 मेगावाट की सात परियोजनाएं और 114 मेगावाट की एक परियोजना शामिल हैं। सीएम धामी ने जोर देते हुए कहा कि ये परियोजनाएं राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास को मजबूती देंगी और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ाएंगी।

विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों का पालन

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि इन परियोजनाओं को कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति की संस्तुतियों और राज्य सरकार के अनुरोध के अनुरूप स्वीकृति दी जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार नदियों की निर्मलता, अविरलता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और सतत विकास के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य कर रही है।

सेला उर्थिंग परियोजना पर भी जोर

सीएम धामी ने विशेष रूप से 114 मेगावाट की सेला उर्थिंग जलविद्युत परियोजना को स्वीकृति देने की मांग की, जो कि धौलीगंगा नदी पर पिथौरागढ़ जिले में प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र गंगा बेसिन का हिस्सा नहीं है और राज्य में गंगा या उसकी सहायक नदियों को छोड़कर अन्य नदी घाटियों में परियोजनाओं पर कोई प्रतिबंध नहीं है।

इसलिए, सेला उर्थिंग परियोजना को सभी पर्यावरणीय मानकों और विशेषज्ञों की सिफारिशों का पालन करते हुए स्वीकृति दी जा सकती है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों को इस पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।

राज्य के विकास को मिलेगा बल

मुख्यमंत्री ने इस बैठक को उत्तराखंड के भविष्य के लिए अहम करार देते हुए कहा कि जलविद्युत परियोजनाओं से न केवल राज्य की ऊर्जा जरूरतें पूरी होंगी, बल्कि यह पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए स्थानीय विकास, रोजगार और बुनियादी ढांचे को भी सशक्त बनाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!