उत्तराखंडसामाजिक

सभा में महिलाओं ने दिखाई भागीदारी, रखे प्रस्ताव

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत करौंदी ग्राम पंचायत में पहली बार हुई महिला सभा

रुड़की

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत पहली बार ब्लॉक के करौंदी ग्राम पंचायत में हुई मॉडल महिला सभा में महिलाओं ने शानदार तरीके से अपनी भागीदारी निभाई। उम्मीद से ज्यादा संख्या में पहुंची महिलाओं ने गांव में विकास कार्यों और जरूरी सुविधाओं के लिए अपने प्रस्ताव रखे। सभा में कई विभागों के अधिकारियों ने पहुंचकर योजनाओं की जानकारी भी दी।

बृहस्पतिवार को उप प्रधान मिनाक्षी की अध्यक्षता में पहली महिला सभा का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संस्था के चेयरमैन धमेंद्र सिंह ने महिलाओं को योजनाओं की जानकारी दी। महिला सभा में पहुंचे गुड गवर्नेस के विषय विशेषज्ञ पंकज नाथ ने बताया कि गांव के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महिला सभा आयोजित की गई है। सभा में पहुंची महिलाओं ने गांव के विकास को लेकर बेबाक अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि गांवों में इस समय मूलभूत सुविधा साफ सड़कें और पीने के पानी की व्यवस्था उचित होनी चाहिए। बताया कि गांवों में बारातघर की जरूरत है। पानी निकासी की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। एक महिला ने गांव में कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था करने की मांग की। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि गांव की सरकारी संपत्ति जैसे विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायतघर, स्वास्थ्य केंद्र आदि उनकी अपनी संपत्ति है। इसलिए इनकी देखभाल वह जिम्मेदारी से करें। एडीओ पंचायत बनेश कुमार ने बताया कि महिलाओं ने जो प्रस्ताव सभा में रखे हैं, उन्हें अब ग्राम पंचायत में होने वाली जीपीडीपी की बैठक में रखे जाएंगे। इसके बाद सभी प्रस्तावों को केंद्र में भेजा जाएगा। वहां से प्रस्तावों पर बजट स्वीकृत कर विकास कार्य कराए जाएंगे। इस मौके पर बीडीओ सुमन दत्त कुटियाल, वरिष्ठ महिला सदस्य सरोज, ग्राम प्रधान महताब, जुनैद, प्रदीप चौहान, विजय चौहान, संदीप सैनी आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button