
भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं बिहार विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से औपचारिक भेंट की। उन्होंने एनडीए गठबंधन की बिहार में दर्ज की गई ऐतिहासिक जीत पर उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
बिहार विधानसभा चुनाव में धर्मेंद्र प्रधान की रणनीतिक भूमिका विशेष रूप से चर्चा में रही। उनकी अगुवाई में भाजपा ने इस चुनाव में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया और गठबंधन को निर्णायक बढ़त मिली। इसी नेतृत्व के तहत भाजपा बिहार विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।
इसके साथ ही, हालिया वर्षों में हरियाणा, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी चुनाव प्रभारी के रूप में धर्मेंद्र प्रधान की रणनीतियाँ निर्णायक साबित हुई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार में प्रभार संभालने के बाद भाजपा संगठन में नई ऊर्जा और सशक्त दिशा देखने को मिली, जिसका प्रभाव चुनाव परिणामों में साफ दिखाई दिया।
नेहा जोशी ने बिहार की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस जीत ने कार्यकर्ताओं का मनोबल और भी बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि इसी सकारात्मक ऊर्जा और संगठनात्मक मजबूती के बल पर आने वाले समय में बंगाल, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों में भी भाजपा की जीत सुनिश्चित की जाएगी।