मनोरंजन

Breaking : शेफाली जरीवाला का 42 की उम्र में निधन, हार्ट अटैक से हुई मौत

मुंबई। ‘कांटा लगा’ गाने से मशहूर मॉडल और अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का 27 जून की रात हार्ट अटैक से निधन हो गया है। 42 वर्षीय शेफाली के मेकअप आर्टिस्ट ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की है। कार्डियक अरेस्ट के कारण उनकी अचानक मौत से फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मुंबई पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। शेफाली के घर पर फोरेंसिक टीम पहुंच चुकी है और सबूत एकत्र किए जा रहे हैं। अंबोली पुलिस स्टेशन में घर के मेड और कुक से पूछताछ की गई है। साथ ही परिजनों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, शेफाली को बेहोशी की हालत में उनके पति और एक्टर पराग त्यागी के साथ तीन अन्य व्यक्ति शुक्रवार रात मुंबई के अंधेरी स्थित बेलेव्यू अस्पताल लेकर गए थे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के रिसेप्शन स्टाफ ने पुष्टि की है कि शेफाली को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया गया है।

व्यक्तिगत जीवन और स्वास्थ्य समस्याएं

शेफाली ने 2004 में मीत ब्रदर्स के संगीतकार हरमीत सिंह से शादी की थी, लेकिन 2009 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद 2015 में उन्होंने एक्टर पराग त्यागी से विवाह किया था।

एक पुराने इंटरव्यू में शेफाली ने बताया था कि 15 साल की उम्र में उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा था। तनाव और चिंता की स्थिति में उन्हें दौरे आते थे। हालांकि बाद में योग और नियमित व्यायाम करने से उनकी तबीयत में सुधार हुआ था और मिर्गी के दौरे आना बंद हो गए थे।

करियर की शुरुआत ‘कांटा लगा’ से

शेफाली जरीवाला ने अपने करियर की शुरुआत महज 19 साल की उम्र में म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से की थी, जिसने उन्हें रातों-रात प्रसिद्ध बना दिया। इस गाने में उनके बोल्ड अंदाज और डांसिंग स्टाइल ने दर्शकों का दिल जीत लिया था।

इसके बाद उन्होंने कई म्यूजिक एल्बम और फिल्मों में काम किया। 2004 में सलमान खान और अक्षय कुमार की फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में उनकी भूमिका को सराहा गया था। उन्होंने कन्नड़ फिल्म ‘हुडुगारू’ में भी अभिनय किया था। शेफाली ने कई डांस रियलिटी शो में हिस्सा लिया और ‘नच बलिए’ में अपने पति पराग त्यागी के साथ नजर आई थीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button