INDIA

प्रधानमंत्री मोदी की पांच देशों की ऐतिहासिक यात्रा संपन्न

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच देशों की महत्वपूर्ण राजनयिक यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर गुरुवार सुबह नई दिल्ली वापसी की। इस व्यापक यात्रा में घाना, त्रिनिदाद एवं टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया शामिल थे, जिसके दौरान उन्होंने ब्राजील में 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भी सक्रिय भागीदारी की।

यात्रा का आरंभ 2 जुलाई को घाना की राजधानी अकरा से हुआ, जो 30 वर्षों से भी अधिक समय में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस पश्चिम अफ्रीकी देश की पहली यात्रा थी। घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा के साथ द्विपक्षीय वार्ता में दोनों नेताओं ने आर्थिक, ऊर्जा, रक्षा सहयोग और विकास सहयोग के माध्यम से साझेदारी को मजबूत बनाने पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री मोदी को महत्वपूर्ण खनिज, रक्षा, समुद्री सुरक्षा और ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया। इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति महामा ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया।

3 जुलाई को त्रिनिदाद एवं टोबैगो की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी समकक्ष कमला प्रसाद-बिसेसर से मुलाकात की और देश की संसद को संबोधित किया। यह 1999 के बाद प्रधानमंत्री स्तर पर पहली यात्रा थी। इस महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो के भारतीय प्रवासियों की छठी पीढ़ी तक को ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया कार्ड जारी करने की घोषणा की, जो प्रवासी भारतीयों के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय था। यहां उन्हें देश के सर्वोच्च सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित किया गया।

4 जुलाई को ब्यूनस आयर्स में अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली के साथ द्विपक्षीय चर्चा में रक्षा, कृषि, खनन, तेल और गैस, नवीकरणीय ऊर्जा, व्यापार, निवेश और लोगों के बीच संबंधों सहित प्रमुख क्षेत्रों में भारत-अर्जेंटीना साझेदारी को बढ़ाने के तरीकों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान ब्यूनस आयर्स के नगर प्रशासन प्रमुख जॉर्ज मैक्री ने प्रधानमंत्री मोदी को ब्यूनस आयर्स शहर की चाबी भेंट की।

यात्रा के चौथे चरण में ब्राजील पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी ने 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लिया और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला से द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान राष्ट्रपति लूला ने प्रधानमंत्री मोदी को ब्राजील के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस’ से सम्मानित किया।

यात्रा के अंतिम चरण में नामीबिया पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी ने नामीबिया की संसद को संबोधित किया, जिसके बाद संसद सदस्यों ने खड़े होकर तालियां बजाईं। नामीबिया के राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदी-नदैतवा ने उन्हें नामीबिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेल्वित्चिया मिराबिलिस’ प्रदान किया। इस पांच देशों की यात्रा ने भारत की वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सफलता मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!