चार धाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होगी तैयारियां अंतिम चरण में
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री की बारामासी पर्यटन -तीर्थाटन की पहल का स्वागत किया।
चार धाम यात्रा इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू हो रही है, यात्रा तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मुख्य मंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में राज्य सरकार और संबंधित विभाग यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रहे हैं। श्रद्धालुओं में भी यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है जिसका परिणाम है कि अभी तक चार धाम हेतु रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 11 लाख के निकट है उन्होंने मुख्यमंत्री की बारामासी पर्यटन तीर्थाटन की पहल का स्वागत किया हैउन्होंने बताया कि चार धाम यात्रा के अंतर्गत 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था और आवास सुविधाओं को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं तथा बीकेटीसी के स्तर पर भी यात्रा तैयारियां चल रही है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखंड को ‘ऑल सीजन टूरिस्ट डेस्टिनेशन’ यानी बारामासी पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल चार धाम यात्रा तक सीमित न रहकर पूरे वर्ष पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। इसके लिए बुनियादी ढांचे के विकास, सड़क सुधार, डिजिटल सुविधाओं और पर्यटक सेवाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है।
चार धाम यात्रा के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा से पूर्व पंजीकरण अवश्य कराएं और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुखद अनुभव बन सके।