
जिले में सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। चकतुनवाला इलाके में नगर निगम की सड़क पर बनाई गई एक अवैध दीवार को जिला प्रशासन ने हटवा दिया, जिससे लोगों को राहत मिली।
स्थानीय निवासियों की शिकायत पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच के निर्देश दिए। तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव ने मौके पर पहुंचकर राजस्व टीम और शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में निरीक्षण किया, जिसके बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी गई।
रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने सड़क पर बनाई गई अवैध दीवार को तुरंत हटाने के आदेश दिए। इसके बाद राजस्व विभाग और नगर निगम देहरादून की टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और रास्ते को कब्जामुक्त कराया।
जिलाधिकारी ने साफ कहा है कि जिले में किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

