कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने की सीएम धामी की तारीफ, बोले- सबसे ज्यादा विकास कार्य बदरीनाथ विधानसभा में हुए
गोपेश्वर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का जताया आभार, जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज बनाने और बदरीनाथ धाम की वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की भी उठाई मांग

चमोली जिले की बदरीनाथ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों की खुलकर सराहना की। गोपेश्वर के पुलिस मैदान में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा में राज्य में सबसे अधिक विकास कार्य हुए हैं और इसके लिए वह मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं।
बुटोला ने कहा कि अक्सर विपक्ष के विधायकों के साथ भेदभाव की बात कही जाती है, लेकिन उनके अनुभव इसके विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता मिली है, जिससे क्षेत्र के लोगों को लाभ पहुंचा है।
हालांकि, विधायक ने मंच से कुछ अहम मांगें भी सरकार के सामने रखीं। उन्होंने गोपेश्वर स्थित जिला चिकित्सालय को मेडिकल कॉलेज में विकसित करने की मांग की। इसके साथ ही बदरीनाथ धाम में कथित वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने का भी आग्रह किया।
अपने संबोधन में बुटोला ने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उनके पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर भी शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले लखपत बुटोला ने सरकार को लेकर तीखी टिप्पणी की थी। उन्होंने दावा किया था कि भाजपा के कुछ विधायक अपनी ही सरकार से नाराज हैं और विधानसभा सत्र के दौरान उनसे संपर्क में आए थे। ऐसे में मुख्यमंत्री की सार्वजनिक तौर पर की गई उनकी ताजा प्रशंसा ने प्रदेश की राजनीतिक चर्चाओं को नया आयाम दे दिया है।