रामनगर–देहरादून के बीच पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, कुमाऊं–गढ़वाल की रेल कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी; सप्ताह में दो दिन चलेगी नई एक्सप्रेस, पर्यटन, व्यापार और यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ।

उत्तराखंड राज्य गठन के बाद पहली बार रामनगर और देहरादून के बीच सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू हो गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़े और क्षेत्रवासियों को इस नई सुविधा के लिए शुभकामनाएं दीं।
रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी इस अवसर के साक्षी बने। क्षेत्रीय सांसद अनिल बलूनी ने इसे कुमाऊं क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह रेल सेवा केवल यात्रा को आसान नहीं बनाएगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नई ट्रेन सेवा से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच संपर्क और मजबूत होगा। इससे छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, पर्यटकों और आम यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे उत्तराखंड में आधुनिक रेल सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है और यह नई एक्सप्रेस उसी दिशा में एक अहम कदम है।
यह रेल सेवा लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांगों में शामिल थी। इसके शुरू होने से रामनगर, काशीपुर और आसपास के इलाकों के हजारों यात्रियों को सीधे देहरादून तक रेल संपर्क मिलेगा। साथ ही पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि भविष्य में इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन से बढ़ाकर छह दिन करने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा रामनगर से दिल्ली के लिए सुपरफास्ट ट्रेन शुरू कराने की दिशा में भी पहल जारी है, ताकि लोगों को राजधानी तक तेज और सुविधाजनक रेल सेवा मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि कंडी मार्ग सहित क्षेत्र की अन्य विकास परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
