उत्तराखंड

देहरादून में कांग्रेस का लोक भवन कूच, पुलिस ने बैरिकेड पर रोका; राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में प्रदर्शन

छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

नई दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक भवन कूच किया। हालांकि, पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद वहां जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन हुआ।

प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पहले बैरिकेड को पार करने की कोशिश की और आगे बढ़ने का प्रयास किया। इसके बाद दूसरे बैरिकेड के पास भी प्रदर्शन जारी रहा। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि दिल्ली में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया। उनका आरोप है कि इसी मुद्दे को लेकर संसद से प्रधानमंत्री आवास तक निकाले जा रहे विरोध मार्च के दौरान राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य विपक्षी नेताओं को भी हिरासत में लिया गया।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि संसद में विपक्ष को इस मुद्दे पर अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। उनका कहना है कि जब विपक्षी नेता लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने पहुंचे, तब उन्हें हिरासत में लिया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

वहीं, यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी ने भी केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई और विपक्षी नेताओं के साथ हुए व्यवहार पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर ठोस कदम उठाने की मांग भी दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!