DehradunUttrakhand

उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में पेपर लीक से हड़कंप, दो पेपर हुए रद्द

उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के प्रश्नपत्र लीक होने से 12 इंजीनियरिंग संस्थानों के सैकड़ों छात्र प्रभावित

पेपर लीक के मामलों को लेकर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच उत्तराखंड से भी एक गंभीर मामला सामने आया है। देहरादून मे  स्थित उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा के दो प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही लीक होने की पुष्टि हुई है। मामले का खुलासा होते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों परीक्षाएं रद्द कर दीं। इस फैसले का असर विश्वविद्यालय से सबंधित 12 इंजीनियरिंग संस्थानों के हजारों छात्रों पर पड़ा है। साथ ही मामले में जिम्मेदार पाए गए सहायक प्रोफेसर पर सात साल तक विश्वविद्यालय की किसी भी परीक्षा संबंधी गतिविधि में शामिल होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. वी.के. पटेल ने बताया कि मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी विषयों की सेमेस्टर परीक्षाओं के प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले लीक होने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद कुलपति के निर्देश पर एक जांच समिति गठित की गई। विश्वविद्यालय की जांच और संबंधित संस्थान की आंतरिक जांच में यह सामने आया कि शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर डॉ. आशीष कुमार गुप्ता ने प्रश्नपत्र छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और एक ऑनलाइन पोर्टल पर साझा किए थे।

जांच रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय ने दोनों परीक्षाएं तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दीं और संबंधित सहायक प्रोफेसर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें अगले सात साल तक परीक्षा से जुड़े किसी भी कार्य में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया। विश्वविद्यालय ने बताया कि इन परीक्षाओं का आयोजन अब दोबारा किया जाएगा, जिसकी नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!