मानसून में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पिटकुल पी.सी. ध्यानी के सख्त निर्देश
मुख्यालय का औचक निरीक्षण, ट्रांसफार्मर स्थापना और क्षतिग्रस्त उपकरणों के शीघ्र प्रतिस्थापन के दिए निर्देश

देहरादून। पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रांतीय भार निस्तारण केंद्र, मानव संसाधन, सूचना प्रौद्योगिकी, प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट, कॉर्पोरेट प्लानिंग, स्काडा और वित्त सहित विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
प्रांतीय भार निस्तारण केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर मानसून के दौरान प्रदेशभर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में पिटकुल के पारेषण तंत्र के संचालन में आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रबंध निदेशक ने 400 केवी काशीपुर उपकेंद्र में 500 एमवीए ट्रांसफार्मर तथा 220 केवी ऋषिकेश उपकेंद्र में 160 एमवीए ट्रांसफार्मर की स्थापना का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने 400 केवी श्रीनगर उपकेंद्र की क्षतिग्रस्त बुशिंग और 400 केवी ऋषिकेश उपकेंद्र के क्षतिग्रस्त सर्किट ब्रेकर को जल्द बदलने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा माजरा-झाझरा, सितारगंज-सितारगंज, सितारगंज-किच्छा, चिल्ला-भूपतवाला-ऋषिकेश, पुहाना-रुड़की और ऋषिकेश-सिडकुल सहित कई 132 केवी और 220 केवी पारेषण लाइनों में एचटीएलएस (हाई टेंशन लो सैग) कंडक्टर लगाने के प्रस्तावित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (स्तर-1) ईला चंद्र, मुख्य अभियंता पंकज कुमार, महाप्रबंधक (वित्त) मनोज कुमार, अधीक्षण अभियंता (संचालन) एस.पी. आर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।