नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा पर जताया गहरा दुख
नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा को लेकर गोरखा कल्याण परिषद उत्तराखंड सरकार की अध्यक्ष एवं दर्जाधारी राज्यमंत्री ज्योति कोटिया ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई यह विनाशकारी त्रासदी अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है।
उन्होंने आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी प्रार्थनाएं नेपाल के प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने, शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने तथा लापता लोगों के सकुशल अपने परिवारों तक लौटने की प्रार्थना की।
ज्योति कोटिया ने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और राहत कर्मियों को नमन करते हुए कहा कि वे विपरीत परिस्थितियों में मानवता की सेवा में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि नेपाल भारत का केवल पड़ोसी राष्ट्र ही नहीं, बल्कि साझा संस्कृति, परंपराओं और आत्मीय रिश्तों से जुड़ा देश है। इस संकट की घड़ी में भारत और भारत का जन-जन नेपाल के साथ खड़ा है।
उन्होंने सभी लोगों से नेपाल के पीड़ितों के लिए प्रार्थना करने की अपील करते हुए कहा कि सभी की सामूहिक प्रार्थनाओं और सहयोग से नेपाल जल्द ही इस भीषण आपदा से उबरेगा और वहां का जनजीवन शीघ्र सामान्य होगा