DehradunUttrakhand

नेपाल आपदा के दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि, पीड़ितों के लिए सहयोग का आह्वान

नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को रविवार को गोर्खाली सुधार सभा के तत्वावधान में आयोजित शोक एवं श्रद्धांजलि सभा में श्रद्धांजलि दी गई। विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से जुड़े लोगों ने बच्चों, महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों की आत्मिक शांति के लिए मोमबत्तियां जलाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

 

सभा में गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने कहा कि नेपाल में आई इस भयावह त्रासदी ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। मासूम लोगों की मौत अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि इस आपदा में अपने परिजनों को खोने वाले और बेघर हुए नेपालवासियों के दुख की इस घड़ी में भारत के लोग पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।

 

इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की। केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने नेपाल आपदा राहत प्रबंधन कमेटी के गठन की घोषणा करते हुए लोगों से अधिक से अधिक सहयोग करने का आह्वान किया।

 

श्रद्धांजलि सभा में राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, राज्यमंत्री अभिषेक शाही, सभा के शाखा अध्यक्ष, संयुक्त नागरिक संगठन के अध्यक्ष ब्रिगेडियर के.जी. बहल एवं उनकी टीम सहित गढ़वाल सभा, कूर्मांचल सभा, ब्राह्मण समिति, गुरूंग समाज, राई समाज, लिम्बु एसोसिएशन और भारतीय मगर समाज के प्रतिनिधियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके अलावा सभा के पदाधिकारी, पूर्व सैन्य अधिकारी, सैनिक एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी नेपाल आपदा राहत कोष के लिए सहयोग करने का समर्थन व्यक्त करते हुए पीड़ितों की मदद के लिए हरसंभव योगदान देने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!