
हरिद्वार: शहर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर स्थित वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार देर रात गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। यहां एक युवक को निशाना बनाने पहुंचे हमलावरों ने गोली चला दी। इसी दौरान युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती सामने आ गई और गोली उसके बाजू में जा लगी।
गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल हरिद्वार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि घायल युवती राजीव नगर की रहने वाली है और मायापुर में युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर युवक को निशाना बनाने के लिए वहां पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद के बीच गोली चल गई और युवती इसकी चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी है।
सीओ सिटी सिसुपाल सिंह नेगी ने बताया कि झगड़े के दौरान गोली चलने से युवती घायल हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है