उत्तराखंड

गोपेश्वर पहुंची भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली, छह महीने तक गोपीनाथ मंदिर में होंगे दर्शन

चमोली: चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली सोमवार, 19 अक्टूबर को गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर पहुंच गई। डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव के जयकारों और शंखध्वनि के बीच भक्तों ने भगवान रुद्रनाथ के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।

भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ डोली के मंदिर पहुंचते ही पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में लगातार शिव के जयकारे गूंजते रहे।

गौरतलब है कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित रुद्रनाथ धाम के कपाट 17 अक्टूबर की देर रात 11 बजे विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। इसके बाद भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शीतकालीन प्रवास के लिए गोपेश्वर रवाना हुई। निर्धारित परंपरा के अनुसार, शीतकाल में भगवान की पूजा गोपीनाथ मंदिर में संपन्न की जाती है।

अब आगामी छह महीनों तक श्रद्धालु गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर में भगवान रुद्रनाथ के दर्शन कर सकेंगे। हिमालयी क्षेत्र में सर्दियों के दौरान मौसम प्रतिकूल होने और बर्फबारी की संभावना के चलते धाम के कपाट बंद किए जाते हैं। ऐसे में शीतकालीन पूजा की व्यवस्था गोपेश्वर में की जाती है।

उत्सव डोली के आगमन के साथ ही गोपीनाथ मंदिर में शीतकालीन पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो गया है। आने वाले महीनों में यह मंदिर भगवान रुद्रनाथ के भक्तों के लिए प्रमुख आस्था केंद्र बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!