टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: कोटा से गिरफ्तार तीनों आरोपी मुंबई रवाना, सुरक्षा में तैनात रही पुलिस

कोटा: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मुंबई ले जाया गया। मुंबई पुलिस की टीम सुबह करीब 10:30 बजे आरोपियों को लेकर कोटा से रवाना हुई। इस दौरान कोटा पुलिस का काफिला भी उनके साथ रहा और शहर की सीमा तक सुरक्षा मुहैया कराई गई।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की तलाश थी। सोमवार को मुंबई पुलिस की टीम ने कोटा पुलिस की मदद से ट्रेन में सफर कर रहे तीनों आरोपियों को पकड़ लिया था। इसके बाद मुंबई पुलिस कोटा पहुंची और स्थानीय स्तर पर आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं।
रात में वापस लौटी पुलिस टीम
सोमवार रात आरोपियों को मुंबई ले जाने की कोशिश की गई थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से पुलिस टीम वापस कोटा लौट आई। इसके बाद तीनों को रेलवे कॉलोनी थाने में रखा गया। उनकी सुरक्षा के लिए थाने के बाहर और परिसर में क्विक रिस्पांस फोर्स (QRT) के जवान तैनात रहे।
कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा ने बताया कि मुंबई पुलिस की टीम आरोपियों का पीछा करते हुए रविवार रात से सक्रिय थी। सोमवार को कोटा पहुंचने के बाद आरोपियों से पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया और आवश्यक मेडिकल जांच कराई गई। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उन्हें मुंबई ले जाने की प्रक्रिया पूरी हुई।
अलग-अलग वाहनों में ले जाए गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को अलग-अलग वाहनों में बैठाया गया था। उन्हें ले जाने वाले काफिले में करीब आधा दर्जन वाहन शामिल थे, जिनमें मुंबई पुलिस के साथ कोटा पुलिस के जवान भी मौजूद थे। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने मुंबई जाने के मार्ग की जानकारी सार्वजनिक नहीं की।
मामले में रेहान और ऋतिक के साथ एक अन्य आरोपी को भी मुंबई ले जाया गया है। उसकी उम्र को लेकर पुलिस के बयानों में अंतर सामने आया है। फिलहाल तीनों आरोपियों को मुंबई ले जाकर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की जांच में फायरिंग की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने पर भी ध्यान रहेगा।